8 अप्रैल 2025। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश शासन जल्द ही अधिकारियों और कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को पूरा करेगा। इसके लिए शीघ्र ही मंत्रि-परिषद की बैठक में निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 4 लाख अधिकारी और कर्मचारी इस निर्णय से लाभान्वित होंगे। कई कर्मचारी, जो वर्षों से प्रमोशन की प्रतीक्षा कर रहे थे, बिना पदोन्नति पाए ही सेवानिवृत्त हो गए। उन्होंने कहा,
"पिछले आठ वर्षों से पदोन्नति की प्रक्रिया रुकी हुई थी, लेकिन अब यह अवरोध समाप्त किया जा रहा है।"
डॉ. यादव ने बताया कि इस विषय पर मुख्यमंत्री स्तर पर 12 से अधिक बैठकों में गहन विचार-विमर्श किया गया। मंत्रियों से चर्चा के बाद राज्य शासन ने महसूस किया कि पदोन्नति का मार्ग प्रशस्त किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि मंत्रि-परिषद की आगामी बैठक में इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा, और सभी शासकीय सेवकों के लिए यह सुखद समाचार जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं देते हुए आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए कृतसंकल्पित है।

Comments
Post a Comment